
मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। जनपद के थाना मंसूरपुर क्षेत्र के अंतर्गत संधावली कट पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। रेत से भरा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क किनारे स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में जा घुसा। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि दुकानदार ने समय रहते फुर्ती दिखाई और भागकर अपनी जान बचा ली। हादसे में दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ा दुकान का गेट
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर संधावली कट के पास शुभम कुमार की हार्डवेयर की दुकान स्थित है। रविवार दोपहर जब शुभम अपनी दुकान पर बैठा था, तभी रेत से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सीधे दुकान के मुख्य गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। ट्रक को अपनी ओर तेजी से आता देख शुभम तुरंत दुकान के अंदरूनी हिस्से की ओर भागा, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
ग्रामीणों ने ट्रक चालक को सुरक्षित निकाला
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक के केबिन में फंसे चालक और उसके सहयोगी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान की दीवारें और शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और ट्रक को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मंसूरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारू है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।





