Viral

मुजफ्फरनगर: मामूली कहासुनी ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, किया जानलेवा हमला


मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद में बीती देर रात रिश्तों का कत्ल करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पैसों के लेनदेन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में सगे भाई और भतीजे ने धारदार हथियारों से पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में २२ वर्षीय युवक की आंख पर गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे नाजुक हालत में मेरठ रेफर किया गया है।

पैसों के विवाद में अपनों ने ही बहाया खून

घटना मंगलवार रात करीब ११ बजे की है। पीड़ित साबिर पुत्र अकबर ने बताया कि उसका पुत्र शावेज और भतीजा समीर एक साथ काम पर गए थे, जहां मजदूरी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था। साबिर के अनुसार, उसने मामले को शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन उसका भाई वाजिद और भतीजा समीर लगातार झगड़ा करने पर उतारू थे। बीती रात आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए ललकारा और पहले से तैयार बैठे वाजिद, समीर और वाजिद की पत्नी ने धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया।

बेटे की आंख पर गंभीर वार, हायर सेंटर रेफर

हमले में साबिर को घायल करने के बाद आरोपियों ने उसके २२ वर्षीय पुत्र शावेज की आंख पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में पीड़ित पक्ष नई मंडी थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने ‘मजलूम चिट्ठी’ (मेडिकल परीक्षण पत्र) देकर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने शावेज की गंभीर स्थिति और आंख की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत मेरठ स्थित हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल शावेज की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और सीओ का बयान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) नई मंडी, राजू कुमार साव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है और आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply