
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने ईख के खेत में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए हैं, साथ ही एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला बुढाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदवाड़ा मार्ग के पास एक ईख के खेत में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान साबिर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया, जो मौके पर ही हथियार बनाता हुआ पकड़ा गया. पुलिस ने 6 बंदूक, 3 पौनिया, 3 तमंचे, कई अधबने हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और कारतूस बरामद किया है.
लंबे समय से हथियार बनाने के काम में लिप्त था आरोपी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार बनाने के कारोबार में लिप्त है और अब तक 5 बार इसी मामले में जेल जा चुका है. बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रधानी चुनाव के लिए हथियारों की खेप तैयार कर रहा था.
कई राज्यों में करते थे हथियार सप्लाई
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि यह एक अंतरराज्यीय गैंग है, जो दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हथियार सप्लाई करता था. यह गिरोह हथियारों को उनकी क्वालिटी के हिसाब से 5 हजार से 50 हजार रुपये तक में बेचता था. पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और वह कई बार पहले भी अवैध हथियार फैक्ट्री चलाते हुए पकड़ा जा चुका है. गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
क्या बोले अधिकारी?
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, साबिर नाम का बदमाश जोकि सरधना मेरठ का रहने वाला है. वह गन्ने के खेत में अस्थाई रूप से निवास बना कर. उसमें हथियार बनाने का काम करता है. आरोपी हथियार को मनचाहे दामों पर बेचता था. पुलिस के मुताबिक, आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.





