
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ अप्रैल को जनपद में आएंगे। वे यहां लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही नुमाइश मैदान में उनकी सभा होगी। कौशल विकास को लेकर वे बड़ी घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही दि गंगा सहकारी चीनी मिल के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास समेत अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण कर सकते हैं।
व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री का जनपद में कार्यक्रम तय हो गया है। वे नौ अप्रैल को नुमाइश मैदान में जनसभा करेंगे। जल्द ही उनका विस्तृत कार्यक्रम जारी हो जाएगा। मुख्यमंत्री कई विकास कार्यों की सौगात देंगे।
शिक्षण संस्थाओं में कौशल आधारिक शिक्षा को बढ़ावा देने को गति देंगे। उन्होंने बताया कि बीते दिनों मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की थी। तब उन्हें जनपद में आने के लिए आमंत्रित किया था। उन्होंने निमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द आने का आश्वासन दिया था। इसी के चलते रविवार को माता अहिल्याबाई चौक का निरीक्षण किया गया। वहीं पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार से सीएम के कार्यक्रम की तैयारी शुरू होगी।





