Viral

मध्य प्रदेश में पत्नी के प्रेमी ने पति को दी बेरहम मौत; शराब पिलाकर पत्थर से कुचला सिर, रेता गला


मैहर; मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझा लिया है। मृतक राजभान कोल की हत्या के पीछे उसकी पत्नी के पुराने प्रेमी दिलीप पटेल उर्फ कल्लू की साजिश निकली। पुलिस को राजभान की लाश पडक्का इंडस्ट्रियल एरिया में मिली थी। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी दिलीप पटेल उर्फ कल्लू और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

घटना 3 अप्रैल की है, जब मौहरिया-जगन्नाथ निवासी राजभान कोल (23) किसी का फोन आने पर घर से निकला था। पूरी रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अगले दिन गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पडक्का इंडस्ट्रियल एरिया में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक के चेहरे और गले पर गहरे जख्म देखकर ही अंदाजा हो गया था कि हत्यारों ने बेदर्दी की सारी हदें पार कर दी थीं।

थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते की टीम ने जब मामले की जांच शुरू की, तो तकनीकी साक्ष्यों ने संदिग्धों की ओर इशारा किया। पुलिस ने जब मृतक की पत्नी साधना कोल से कड़ाई से पूछताछ की, तो प्रेम प्रसंग की बात सामने आई। इसी आधार पर पुलिस ने दिलीप पटेल उर्फ कल्लू को हिरासत में ले लिया। शुरू में दिलीप पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पति को शक हुआ तो बन गई मौत की स्क्रिप्ट
पूछताछ में यह कड़वा सच सामने आया कि आरोपी दिलीप और साधना के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे। साधना की शादी राजभान से होने के बाद भी दोनों चोरी-छिपे मिलते रहे। हाल ही में राजभान को अपनी पत्नी और दिलीप के रिश्ते पर शक होने लगा था, जिससे प्रेमी जोड़े के मिलने-जुलने में बाधा आ रही थी। दिलीप ने अपने रास्ते का कांटा हटाने के लिए अपने दोस्तों जितेन्द्र उर्फ बिज्जू, करण केवट और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर राजभान की हत्या का प्लान तैयार किया।

आरोपियों ने राजभान को मारने के लिए दोस्ती का नाटक किया। 3 अप्रैल को करण केवट ने फोन कर राजभान को पडक्का बुलाया। वहां सभी ने साथ बैठकर शराब पी। जैसे ही राजभान नशे में धुत हुआ, आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दिलीप और उसके साथियों ने पहले एक भारी पत्थर से राजभान का सिर कूच दिया और फिर मौत सुनिश्चित करने के लिए टूटी हुई कांच की बोतल से उसका गला रेत दिया था।

दो गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप पटेल और उसके साथी जितेन्द्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल करण केवट और उसके दो रिश्तेदार अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply