
MP Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक मंगलवार को भोपाल में संपन्न हो गई. बैठक में किसान कल्याण, शिक्षा, सिंचाई, इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप ने बैठक के फैसलों की विस्तृत जानकारी दी.
अम्बेडकर जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर 8 से 14 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रमों की मंजूरी दे दी. राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन भिंड जिले में होगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे.
गेहूं खरीदी में बदलाव, छोटे किसानों को प्राथमिकता
किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कैबिनेट ने गेहूं की खरीदी की तारीख को 10 अप्रैल से आगे बढ़ाकर 9 अप्रैल 2026 से शुरू करने की मंजूरी दे दी. छोटे और सीमांत किसानों का गेहूं पहले खरीदा जाएगा. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार साढ़े तीन लाख से अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. सभी जिलों में बारदाने उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया सुचारू रहेगी.
चना और मसूर का उपार्जन
सरकार किसानों के लाभ के लिए चना और मसूर की खरीदी भी करेगी. चने का तय प्रतिशत और मसूर का शत-प्रतिशत उपार्जन किया जाएगा. इसके लिए 3175 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है.
NH-46 पर निर्माण कार्य, गडकरी का आभार
कैबिनेट ने NH-46 पर 22 किलोमीटर लंबे निर्माण कार्य के लिए 758 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया.
सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को हरी झंडी
भानपुरा क्षेत्र में 3500 हेक्टेयर भूमि और 120 गांवों के लिए सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को मंजूरी मिली. इस परियोजना से 77 प्रतिशत क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ेगी.
उच्च शिक्षा और SC छात्रों को सहायता
दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति (SC) छात्रों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. साथ ही शिक्षा विभाग की योजनाओं की निरंतरता के लिए 2952 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई.
उज्जैन में नया एयरपोर्ट
590 करोड़ रुपये की उड़ान योजना के तहत उज्जैन में एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र सरकार करेगी. इससे पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा.
FCRI का एकीकरण, वित्त प्रबंधन केंद्र बनेगा
FCRI की सात शालाओं के एकीकरण से भोपाल में वित्त प्रबंधन का बड़ा केंद्र स्थापित किया जाएगा.
काशी विश्वनाथ और महाकाल मंदिर के बीच MOU
कैबिनेट में महाकाल रियल टाइम सम्मेलन और कालगणना पर चर्चा हुई. 31 मार्च को हुए MP-UP सहयोग सम्मेलन की जानकारी दी गई. काशी विश्वनाथ मंदिर और महाकाल मंदिर के बीच पहला MOU साइन किया गया. सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की उत्तर प्रदेश में प्रशंसा हुई और अयोध्या में भी इसका मंचन होगा. विक्रमादित्य वैदिक घड़ी काशी विश्वनाथ मंदिर को भेंट की गई.





