
मुंगेर। शामपुर थाना क्षेत्र के लोहची गांव में महज पांच प्रतिशत ब्याज को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दर्दनाक घटना में 65 वर्षीय उर्मिला देवी की जान चली गई। घटना रविवार देर रात की है, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। स्वजन अनुसार, उर्मिला देवी के दो पुत्र हैं। वह छोटे बेटे रंजीत यादव के साथ रहती थीं। कुछ माह पूर्व उन्होंने बड़े बेटे राजीव यादव से लगभग तीन लाख रुपये रखने के लिए दिए थे। जिसे बाद में महिला ने बेटे को लौटा भी दिया।
हालांकि, बड़ी बहू लाली देवी इस रकम पर पांच प्रतिशत ब्याज की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर घर में कई दिनों से तनाव बना हुआ था। रविवार की देर रात यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। सास और बहू के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। लाली देवी अपने पुत्र के साथ महिला से भी मारपीट करने लगा। पिटाई के दौरान वृद्ध महिला की जान चली गई। ग्रामीणों की सूचना पर श्यामपुर थाने की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बहू लाली देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है। हवेली खड़गपुर के एसडीपीओ अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है। सास और बहू के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। इसी दौरान वृद्ध महिला की मौत हो गई। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।





