
Bihar Next CM News: बिहार की राजनीति ऐसी है जहां कभी भी तूफान खड़ा हो सकता है. नीतीश कुमार ने जब राज्यसभा जाने के ऐलान किया था उस समय से ही पूरे देश में सियासी तूफान खड़ा हो गया है. अब हलचल इस बात पर हो रही है कि उनके बाद बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा. वह शख्स कौन होगा जो आगे बिहार में विकास की नई इबारत लिखेगा. लेकिन इस बार मामला सिर्फ कुर्सी बदलने का नहीं है, बल्कि विरासत तय करने का है. नीतीश कुमार के बाद कौन मुख्यमंत्री बनेगा, इस सवाल ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. वहीं जेडीयू ने साफ कर दिया है कि यह फैसला सिर्फ बीजेपी का नहीं होगा. यानी यह वही क्षण है, जहां गठबंधन की असली ताकत और सीमाएं दोनों सामने आती हैं. जेडीयू की खींची गई ‘लक्ष्मण रेखा’ बताती है कि पार्टी किसी भी सूरत में अपनी राजनीतिक जमीन और सामाजिक समीकरण को दांव पर नहीं लगाएगी. बिहार जैसे राज्य में, जहां जातीय और सामाजिक संतुलन बेहद संवेदनशील है, वहां अचानक फैसले उल्टा असर भी डाल सकते हैं. यही वजह है कि JDU इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में है और बिना अपनी शर्तें मनवाए कोई समझौता करने के मूड में नहीं दिख रही. यह सियासत का वह दौर है, जहां हर कदम नपा-तुला है और हर बयान के पीछे एक रणनीति छिपी हुई है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी को उम्मीद थी कि ‘समृद्धि यात्रा’ के बाद नीतीश कुमार जल्द ही पद छोड़ देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पार्टी सूत्रों के मुताबिक जेडीयू इस समय का इस्तेमाल रणनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है. पार्टी चाहती है कि उत्तराधिकारी तय करने में उसे पूरी तरह भरोसे में लिया जाए. साथ ही यह भी साफ कर दिया गया है कि ‘मध्य प्रदेश या राजस्थान जैसे प्रयोग’ बिहार में नहीं चलेंगे, जहां अचानक किसी नए चेहरे को आगे कर दिया गया था. इसी बीच बीजेपी नेता विनोद तावड़े पटना में बैठकें कर रहे हैं, इससे साफ है कि अंदरखाने बातचीत तेज हो चुकी है और दोनों दल अपने-अपने पत्ते सोच-समझकर खेल रहे हैं.
उत्तराधिकारी पर जेडीयू की शर्तें, NDA में बढ़ी हलचल
राजनीतिक हलकों में इस समय कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन जेडीयू ने साफ संकेत दे दिया है कि अंतिम फैसला उसकी सहमति से ही होगा. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘नया मुख्यमंत्री वही होना चाहिए जो नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाए और उनकी राजनीति के तरीके को समझे.’ उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार का सामाजिक संतुलन नहीं बिगड़ना चाहिए और ऐसा नेता होना चाहिए जो निशांत कुमार को भी साथ लेकर चल सके, जो अब सक्रिय राजनीति में आ चुके हैं.
दूसरी ओर, जेडीयू ने अपनी ताकत भी याद दिलाई है. एक नेता ने कहा, ‘बिहार, मध्य प्रदेश या राजस्थान नहीं है. यहां समाजवादी राजनीति की गहरी जड़ें हैं. NDA के अन्य सहयोगियों लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को भी भरोसे में लेना जरूरी है.’ उन्होंने यह भी कहा कि जेडीयू के 85 विधायक हैं, जो बीजेपी के 89 से सिर्फ चार कम हैं. इससे साफ है कि पार्टी खुद को कमजोर नहीं मान रही और सत्ता में बराबरी की हिस्सेदारी चाहती है.
इस देरी के पीछे मुख्य वजह राजनीतिक रणनीति है. जेडीयू चाहती है कि फैसला जल्दबाजी में न हो और पार्टी की शर्तों को पूरी तरह स्वीकार किया जाए. इसके अलावा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत भी समय की गुंजाइश है, क्योंकि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद 14 दिन के भीतर पद छोड़ना होता है. इस समय का इस्तेमाल दोनों दल अपने-अपने हित सुरक्षित करने के लिए कर रहे हैं.
जेडीयू की सबसे बड़ी शर्त क्या है?
जेडीयू की सबसे अहम शर्त यह है कि नया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद का हो और उनकी राजनीतिक लाइन पर काम करे. पार्टी नहीं चाहती कि कोई ऐसा चेहरा लाया जाए जो उनके सामाजिक समीकरण या संगठन को कमजोर करे.
क्या बीजेपी अपने दम पर फैसला ले सकती है?
तकनीकी रूप से बीजेपी के पास ज्यादा विधायक हैं, लेकिन गठबंधन की राजनीति में जेडीयू की सहमति जरूरी है. अगर बीजेपी अकेले फैसला लेती है, तो इससे गठबंधन में दरार आ सकती है, इसका असर सरकार की स्थिरता पर पड़ सकता है.
निशांत कुमार की भूमिका कितनी अहम है?
निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को जेडीयू एक संकेत के तौर पर देख रही है. पार्टी चाहती है कि नया नेतृत्व उन्हें भी साथ लेकर चले, ताकि भविष्य में नेतृत्व का संक्रमण आसान हो सके.
आगे क्या संभावनाएं हैं?
संभावना यही है कि दोनों दल आपसी सहमति से ऐसा चेहरा चुनेंगे, जो न सिर्फ राजनीतिक रूप से स्वीकार्य हो, बल्कि सामाजिक संतुलन भी बनाए रखे. यह फैसला जल्दबाजी में नहीं बल्कि गहन बातचीत के बाद लिया जाएगा.
सत्ता संतुलन का नया समीकरण
जेडीयू ने साफ कर दिया है कि वह जूनियर पार्टनर की भूमिका में नहीं रहना चाहती. पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगर ऐसी स्थिति बनती है, तो वह मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी और स्पीकर पद की मांग कर सकती है. वहीं बीजेपी की ओर से भी संकेत हैं कि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा, लेकिन सभी सहयोगियों की सहमति से ही सत्ता परिवर्तन होगा. ऐसे में बिहार की राजनीति आने वाले दिनों में और दिलचस्प होने वाली है.





