Viral

बिहार में दो बच्चों की मां को 18 साल की लड़की से हुआ प्यार, रामरेखा घाट पर की शादी


बक्सर: बिहार के बक्सर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसको लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. सामाजिक बेड़ियों को तोड़ते हुए दो युवतियों ने शादी कर ली है. मामला जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत बगेन थाना क्षेत्र का है. दो बच्चों की मां ने लड़की से की शादी: 18 साल की पूजा (बदला हुआ नाम) ने 32 साल की दो बच्चों की मां निशा (बदला हुआ नाम) के साख शागी कर ली. यह विवाह शहर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ, जिसके गवाह वहां मौजूद पुजारी और सैकड़ों स्थानीय लोग बने.

विंध्याचल के बाद बक्सर में रचाई शादी: बताया जा रहा है कि दोनों ने इससे पहले 4 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल मंदिर में शादी की थी. इसके बाद 6 अप्रैल, सोमवार को रामरेखा घाट के पुराने विवाह मंडप में एक बार फिर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया.

18 साल की लड़की बनी पति: इस अनोखी शादी की खबर फैलते ही कुछ ही मिनटों में सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. इस रिश्ते की खास बात यह है कि 18 साल की पूजा ने खुद को पति की भूमिका में स्वीकार किया है, जबकि निशा उनकी पत्नी बनी है.

इंस्टाग्राम वाला प्यार: दोनों के बीच यह रिश्ता सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम में बदल गया. ईटीवी भारत से बातचीत में पूजा ने बताया कि हम दोनों विंध्याचल घूमने गए थे और वहीं पर शादी कर ली.

“हमारे परिवार वाले लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. मेरा माता-पिता और निशा के पति धमकी दे रहे हैं. निशा दो बच्चों की मां है. हमलोगों को सहारा चाहिए. परिवार वाले कह रहे हैं कि न गांव आना है न घर आना है.तुम दोनों ने शादी की है, जहां मन है वहां चले जाओ. हमलोग अब घर नहीं जाएंगे, कहीं भी रह लेंगे.”- पूजा (बदला हुआ नाम)

एक साथ बनाते हैं वीडियो: वहीं 32 साल की दो बच्चों की मां निशा (बदला हुआ नाम) बताती हैं कि पिछले कई सालों से उनके बच्चे अपनी मौसी के घर पर रहते हैं. निशा ने बताया कि मैं पति के साथ रहती थी, लेकिन काम की तलाश में पति बाहर चले गए. हम दोनों एक साथ वीडियो बनाते हैं.

“मैं पहले से ही वीडियो बनाती थी, पूजा को किसी ने बताया कि मैं वीडियो बनाती हूं तो वह मेरे घर आई थी. पूजा कई बार घर आई. ऐसे ही आते-आते प्यार हो गया. फिर हमलोग विंध्याचल घूमने गए. वहीं रात को हमने शादी करके साथ रहने का निर्णय लिया. शादी के बाद मेरे पति जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. हमें मदद की दरकार है.”- निशा (बदला हुआ नाम)

हैरान हैं स्थानीय लोग: स्थानीय लोगों के लिए यह घटना हैरानी और जिज्ञासा का विषय बनी हुई है, जहां कुछ लोग इसे प्रेम की आजादी का उदाहरण मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के खिलाफ बता रहे हैं. फिलहाल, यह अजब प्रेम की गजब शादी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply