Friday, February 27, 2026
CrimeViral

बिहार में एक दिन कई गलती, लेकिन ट्रैफिक चालान कटेगा सिर्फ एक बार, विभाग ने किया बड़ा सुधार

बिहार में एक दिन कई गलती, लेकिन ट्रैफिक चालान कटेगा सिर्फ एक बार, विभाग ने किया बड़ा सुधार

पटना: गुरुवार को पटना से सटे नौबतपुर के राहुल कुमार शर्मा अपनी बाइक लेकर पटना आए। वो सुबह-सुबह पटना पहुंच गए थे। तभी उन्हें जानकारी मिली कि अब एक दिन में एक ही बार चालान कटेगा। हालांकि उनकी बाइक का पिछले 8 साल में एक ही बार चालान कटा है, वो भी उनकी मामूली सी गलती पर। तब से वो सतर्क हो गए हैं। हालांकि उन्होंने नए नियम की तारीफ की है। इस नियम और अपग्रेडेशन से उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें एक ही दिन में मल्टीपल ट्रैफिक चालान का सामना करना पड़ रहा था।

एक ही दिन मिल रहे थे एक ही गाड़ी के कई चालान
दरअसल पहले एक ही दिन अगर कोई बाइक, कार अगर बिना हेलमेट वाली दूसरी सवारी या फिर सीट बेल्ट या किसी और ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करती थी तो उसके एक ही दिन में कई बार चालान कट जाते थे। होता ये था कि वो इस दौरान कई ट्रैफिक कैमरों को अलग-अलग जगह क्रॉस करती थी। इस चक्कर में हर कैमरे के हिसाब से ट्रैफिक नियम तोड़ने का चालान कट जाता था। मान लीजिए कि किसी बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने हेलमेट नहीं लगाया है, तो उसका पटना के कोतवाली चौराहे पर एक चालान, फिर अटल पथ पर एक चालान और फिर एम्स गोलंबर पर भी एक चालान कट जाता था। यानी एक ही गलती के लिए एक दिन में 1000X3=3000 रुपयों का चालान। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

बिहार पुलिस ने अपग्रेड किया ट्रैफिक सिस्टम
बिहार पुलिस ने ट्रैफिक सिस्टम को अपग्रेड किया है। मान लीजिए कि आप कार चला रहे हैं और आपने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी है तो एम्स गोलंबर से लेकर कोतवाली चौराहे तक आपके तीन अलग-अलग चालान नहीं कटेंगे। आपका सिर्फ एक ही चालान और एक ही जुर्माने की रसीद बनेगी जो कि 1 हजार रुपयों की होगी। इसी तरह से बाइक के पीछे बैठी सवारी के हेलमेट न लगाने पर एक ही चालान कटेगा। वैसे कई बार तो ऐसे मामले भी सामने आए हैं कि घर में खड़ी गाड़ी या फिर कार के नियम के हिसाब से बाइक का चालान भी कट गया है।

अब एक गलती के लिए एक दिन में एक ही चालान
पिछले 5 महीनों के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए जब एक ही गलती के लिए एक ही दिन में कई लोगों के अलग-अलग जगहों के हिसाब से ट्रैफिक चालान कट गए। पता चला कि एक ही दिन एक ही गलती के लिए 3 से 5 हजार रुपये भरने हैं। लोग इसकी शिकायत लेकर DTO ऑफिस पहुंचने लगे। इसके बाद ट्रैफिक महकमे को लगा कि इस तरह से लोगों की परेशानी बढ़ ही रही है। इसी को लेकर फैसला किया गया कि अब से एक दिन में एक ही चालान कटेगा। इसके लिए पूरे सिस्टम को अपग्रेड कर दिया गया है।

Leave a Reply