
पटना: मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह लगभग चार महीने जेल में बिताने के बाद सोमवार को बेऊर जेल से बाहर आए। पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई है। चुनाव जीतने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र की जनता के बीच पहुंच रहे विधायक आज मोकामा से बड़हिया स्थित महारानी स्थान तक करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस दौरान वे सड़क मार्ग से होते हुए जनता का आभार प्रकट करेंगे और शक्ति प्रदर्शन के जरिए अपनी राजनीतिक पकड़ का अहसास कराएंगे। रास्ते में दर्जनों जगहों पर समर्थकों ने उनके स्वागत के लिए तोरण द्वार और फूल-मालाओं की व्यवस्था की है।
बेऊर जेल से निकलते ही पटना आवास पर जश्न
पटना क बेऊर जेल से सोमवार को रिहाई के वक्त समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। अनंत सिंह अपनी लैंड क्रूजर गाड़ी में करीब 50 कारों के काफिले के साथ अपने सरकारी आवास पहुंचे। विधायक ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया था। उनके आवास पर जीत और रिहाई की दोहरी खुशी में भव्य भोज का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 15 हजार समर्थक शामिल हुए। मेहमानों के लिए 3 लाख रसगुल्ले और विशेष पकवान का इंतजाम किया गया था।
दुलारचंद यादव हत्याकांड मिली है जमानत
अनंत सिंह को 30 अक्टूबर 2025 को चुनाव प्रचार के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। 1 नवंबर को बाढ़ के उनके निजी घर से से गिरफ्तारी के बाद उन्हें 2 नवंबर को जेल भेजा गया था। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान गोलीबारी की पुष्टि नहीं करते हैं, बल्कि मौत का कारण लाठी का प्रहार और वाहन से कुचलना बताया गया है। इन दलीलों के आधार पर उन्हें जमानत मिली।
मोकामा में रोड शो फिर बड़हिया मंदिर में पूजा-अर्चना
आज के कार्यक्रम के तहत अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ मोकामा की सड़कों पर उतरेंगे। ये रोड शो न केवल एक विजय जुलूस है, बल्कि विरोधियों को अपनी ताकत दिखाने का जरिया भी है। रोड शो का समापन बड़हिया के प्रसिद्ध महारानी स्थान मंदिर (देवी मंदिर) में पूजा-अर्चना के साथ होगा। प्रशासन ने इस बड़े आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था बनी रहे।





