Viral

बाजार से चाउमीन खरीदकर लौट रही नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, VIDEO बनाकर हत्या की धमकी


नालंदा : बिहार के नालंदा जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.

चाउमीन खरीदकर घर लौट रही थी नाबालिग : घटना जिले के वेना थाना क्षेत्र के एक गांव की है. जानकारी के अनुसार, किशोरी 21 मार्च की शाम बाजार से चाउमीन खरीदकर लौट रही थी. इसी दौरान सुनसान रास्ते में चार युवकों ने उसे रोक लिया. पीड़िता के परिजनों के मुताबिक आरोपियों में दो युवक परिचित थे, जबकि दो अन्य अज्ञात बताए जा रहे हैं. सभी ने मिलकर किशोरी को जबरन पास के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया और किसी को बताने पर हत्या की धमकी दी.

डरी-सहमी और बदहवास हालत में घर लौटी : जब किशोरी देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े. कुछ देर बाद वह डरी-सहमी और बदहवास हालत में घर पहुंची. उसकी स्थिति देखकर परिजन घबरा गए. पूछताछ में उसने रोते हुए पूरी घटना बताई. जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

मामले में 4 आरोपियों के खिलाप केस दर्ज : पीड़ित परिवार की शिकायत पर वेना थाना में दो नामजद आरोपियों और दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई. पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि घटनास्थल पर एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं.

”घटना 21 मार्च की शाम की है. पीड़िता चंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि आरोपी वेना थाना क्षेत्र के कचरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी : इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पीड़िता को न्याय दिलाने और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है. पुलिस का कहना है कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply