Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से नवरात्रि के दौरान एक बेहद दिल नहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है. यहां कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के पास प्रोजेक्टर पर धार्मिक कार्यक्रम देख रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बेरहमी से कुचल दिया. इस दर्दनाकत हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि, 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में चीखपुकार मच गई. पुलिस ने घेराबंदी कर एक घंटे के भीतर नशे में धुत कार चालक को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के समय का मंजर बयां किया है. कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलहा अंतर्गत चरनगहिया गांव में हर साल नवरात्रि के अवसर पर मंदिर के पास पर्दा लगाकर ग्रामीणों को धार्मिक फिल्में और भजनसत्संग दिखाने की परंपरा है.
शनिवार रात करीब 11 बजे आरती समाप्त होने के बाद ग्रामीण सड़क किनारे लगे टेंट में शांतिपूर्वक प्रोजेक्टर पर वीडियो देख रहे थे. इसी दौरान गौरा रोड की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार फोर्ड कार अचानक बेकाबू हो गई और टेंट में घुसते हुए लोगों को रौंदती चली गई. कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज धमाका हुआ और लोग 5 से 6 फीट दूर जा गिरे.
3 ग्रामीणों की मौत, 4 घायलों को बहराइच हायर सेंटर रेफर किया गया
हादसे में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है और पूरा गांव शोक में डूब गया है. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनकी पहचान पाटेश्वरी प्रसाद , मनोज सिंह और गणेश पांडेय के रूप में हुई है. हादसे में गंभीर रूप से घायल छेदीराम , घोपराम , डब्लू और मुकेश तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बहराइच के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी मृतक और घायल चरनगहिया बेलहा गांव के ही रहने वाले थे.
बॉर्डर सील कर 1 घंटे में कार समेत पकड़ा गया आरोपी ड्राइवर
हादसे के बाद पुलिसप्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. क्षेत्रधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जांच में कार ड्राइवर के नशे में होने की बात सामने आई है. सड़क पर अंधेरा होने और तेज रफ्तार के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ. हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर भागने में सफल रहा था, जिसके बाद जिले के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए. पुलिस ने 1 घंटे के भीतर घेराबंदी कर आरोपी ड्राइवर को कार समेत कस्टडी में ले लिया.