
यूपी के गोरखपुर में एक हैरान करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा प्रेमिका ने ससुरालवालों को भरोसा दिलाने के लिए प्रेमी से कोई भी अवैध संबंध नहीं होने की झूठी सौगंध खाई. ये बात वहां मौजूद प्रेमी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने सबके सामने ही प्रेमिका का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र के गजपुर की यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. दिल दहला देने वाली वारदात में सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि गजपुर गांव में बुधवार 1 अप्रैल की शाम 6 बजे के करीब एक विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान खुशबू राज गौतम के रूप में हुई है. महिला का पति विदेश में रहता है.
गंगा की झूठी सौगंध खाने पर भड़का प्रेमी
परिजनों के मुताबिक, खुशबू को गंभीर हालत में लहूलुहान अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है. परिजनों ने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है.
दरअसल गजपुर के कटरा बाजार में प्रकाश गौतम (58 वर्ष) का एक मंजिला मकान है. घर में दो बेटों उपेंद्र गौतम (30 वर्ष), जितेंद्र गौतम (26) और बड़ी बहू खुशबू (28) के साथ रहते हैं. तीन साल पहले बांसगांव थाना के लाहीडाड़ी की खुशबू राज गौतम की शादी उपेंद्र से हुई थी. दोनों की कोई संतान नहीं थी. उपेंद्र पिछले महीने छह मार्च को ही नौकरी के सिलसिले में दुबई गया है. घर में सिर्फ खुशबू, उसके ससुर प्रकाश और देवर जितेंद्र रहते थे. परिवार में और कोई नहीं है.
ससुराल वालों के सामने रेता प्रेमिका का गला
मृतका के देवर जितेंद्र ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी भाभी खुशबू का उसके दोस्त सीताराम 28 वर्ष के साथ अवैध संबंध रहा है. ससुराल वालों ने कई बार खुशबू को उसके साथ संबंध खत्म कर लेने का दबाव बनाया लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी. जब पानी सर से ऊपर हो गया, तो खुशबू ने सीताराम के साथ संबंध खत्म कर लेने का विश्वास दिलाया.
ससुराल वालों ने खुशबू की बात नहीं मानी और सीताराम को बीती शाम घर पर बुलाया. इसी दौरान देवर जितेंद्र ने भाभी खुशबू गौतम के हाथ में गंगाजल दिया और सीताराम के साथ कोई भी संबंध नहीं होने की कसम खाने को कहा. खुशबू गौतम ने ससुराल वालों को विश्वास में लेने के लिए हाथ में गंगाजल लेकर गंगाजल की झूठी सौगंध खा ली.
जिसके बाद प्रेमी सीताराम गुस्से में आगबबूला हो गया और उसने धारदार हथियार से खुशबू के गले पर वार कर दिया. अचानक हुए हमले से ससुराल के लोग घबराकर चिल्लाने लगे. इतनी देर में आसपास के लोग भी जुट गए. आनन-फानन खुशबू को गगहा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश पुरी ने पुलिस इस मामले की जाँच में जुट गई हैं. आरोपी प्रेमी की गिरफ़्तार की लिए 6 टीमों को लगाया गया है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.





