IPL 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को जब शुरुआती झटकों ने मुश्किल में डाल दिया, तब एक युवा बल्लेबाज ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पूरा मैच पलट दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेली गई उनकी अर्धशतकीय पारी ने न सिर्फ टीम को जीत के करीब पहुंचाया, बल्कि IPL इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया, जो आज तक कोई अनकैप्ड खिलाड़ी नहीं बना सका था।

दरअसल, पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह IPL इतिहास के पहले ऐसे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट के कई सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। प्रभसिमरन ने IPL 2025 में 549 रन बनाए थे और अब IPL 2026 में भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 39 गेंदों में 69 रन की तूफानी पारी खेलते हुए 500 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
प्रभसिमरन ने बल्ले से किया कमाल
197 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने प्रियांश आर्य और कूपर कॉनॉली के विकेट जल्दी गंवा दिए। ऐसे दबाव भरे समय में प्रभसिमरन सिंह ने आक्रामक अंदाज अपनाया और लखनऊ के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्हें 20 रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया।
प्रभसिमरन ने सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 140 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की, जिसने पंजाब को मुकाबले में पूरी तरह मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि वह बाद में अर्जुन तेंदुलकर की गेंद पर LBW आउट हो गए, लेकिन तब तक वह टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा चुके थे। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने शानदार शतक लगाकर मैच खत्म किया और पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा।
Khabar Monkey
कप्तान ने जमकर की तारीफ
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रभ ने जिस तरह गेंदबाजों पर हमला किया, वह शानदार था। उन्होंने दिखाया कि वह क्या कर सकते हैं। हमारी बीच की बातचीत और समझ बेहतरीन थी, जिसने मैच का मोमेंटम बदल दिया। प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले पारी में आयुष बडोनी को युजवेंद्र चहल की गेंद पर शानदार स्टंपिंग कर पवेलियन भेजा।





