Thursday, March 26, 2026
Viral

प्यार में बाधा बनी मां को बेटी ने प्रेमी संग उतारा मौत के घाट, बेडरूम में ही दफन कर दी लाश


हैदराबाद। हैदराबाद के जवाहरनगर में एक साल से लापता 40 वर्षीय महिला की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने महिला के बेडरूम की फर्श खोदकर उसका कंकाल बरामद किया है। इस सनसनीखेज मामले में महिला की अपनी ही छोटी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर हत्या की और राज छुपाने के लिए शव को घर के अंदर दफनाकर ऊपर से कंक्रीट की पक्की फर्श बनवा दी थी।

लापता मां और बेटी की झूठी कहानी
मृतका की पहचान अंजू दासारी के रूप में हुई है, जो घरों में साफ-सफाई का काम करती थीं। इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गुमशुदगी की पुरानी रिपोर्ट पर दोबारा जांच शुरू की। अंजू की बड़ी बेटी रोशनी ने 17 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां 12 मई 2025 से लापता है। लगभग एक साल तक आरोपी बेटी उसी कमरे में सोती रही, जिसके नीचे उसकी मां की लाश दफन थी।

बयानों में विरोधाभास और ‘ऑटो ड्राइवर’ का सुराग
मलकाजगिरि जोन के DCP सीएच श्रीधर के मुताबिक, पुलिस को अंजू की 17 वर्षीय छोटी बेटी के बयानों पर शक हुआ। जब उसके कॉल डेटा रिकॉर्ड (CDR) खंगाले गए, तो 22 वर्षीय ऑटो ड्राइवर मोंटी कुमार सिंह का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि अंजू अपनी बेटी और मोंटी के रिश्ते के खिलाफ थीं, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

कंक्रीट के नीचे छुपाया कत्ल का राज
पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि शादी में रुकावट बनने के कारण उन्होंने अंजू की हत्या की। पकड़े जाने के डर से बेडरूम में ही गहरा गड्ढा खोदकर लाश दबा दी और ऊपर से कंक्रीट डाल दिया ताकि बदबू बाहर न आए। बुधवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की मौजूदगी में फर्श खोदा गया, जहां से महिला का सड़ा-गला कंकाल बरामद हुआ।

डीएनए टेस्ट और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बरामद अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या इस खौफनाक साजिश में किसी और बाहरी व्यक्ति ने उनकी मदद की थी।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply