
राज्य विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश वैट संशोधन विधेयक-2026 पेश किया। इसमें पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर नया अनाथ और विधवा सेस लगाने का प्रावधान किया जा रहा है। इसे प्रथम विक्रय बिंदु पर ही एक बार लगाया जाएगा। प्रस्तावित संशोधन के अनुसार यह सेस इस तरीके से लगाया जाएगा कि यह युक्तियुक्त रहे और इसका उपभोक्ताओं पर अनावश्यक बोझ न पड़े। संशोधन विधेयक के अनुसार यह सेस पेट्रोल और डीजल की राज्य में पहली बिक्री के समय वसूला जाएगा। राज्य सरकार को यह अधिकार होगा कि वह अधिसूचना के माध्यम से सेस की दर तय करे। हालांकि, इसकी अधिकतम सीमा 5 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।
संशोधन विधेयक की धारा 2 में संशोधन करते हुए ऑरफन एवं विडो सेस की परिभाषा जोड़ी गई है, साथ ही नई धारा 6-ए जोड़कर इस सेस को कानूनी आधार दिया गया है। विधेयक में बताए गए उद्देश्य और कारण विवरण में कहा गया है कि राज्य में अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की विधवाओं के लिए पहले से कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं को स्थिर और सतत वित्तीय स्रोत उपलब्ध कराने के लिए यह सेस लगाने का प्रस्ताव लाया गया है। इस कदम से जुटाई गई राशि का उपयोग सीधे तौर पर जरूरतमंद अनाथों और विधवाओं के कल्याण पर किया जाएगा। हालांकि सरकार ने सेस की अधिकतम सीमा 5 रुपये प्रति लीटर तय की है, लेकिन वास्तविक दर अधिसूचना के जरिए तय होगी।
राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर इशारा कर कहा – आपको नौजवानी में मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला। जयराम जी, धूमल जीत गए होते तो आपको मेरे वाला महकमा मिलना था। वर्तमान मुख्यमंत्री ने तो सीमित साधनों से भी बहुत बेहतरीन कार्य किए हैं। आपकी हिमाचल में वित्तीय आपातकाल लगाने की इच्छा कभी पूरी नहीं होगी। इस पर सदन में हंगामा हुआ। इस पर स्पीकर ने कहा कि सीनियर मोस्ट मेंबर बोल रहे हैं। विपक्ष के सदस्य बैठें।
आपने लव जिहाद कानून बना दिया, हमें तो मौका नहीं मिला
शिमला। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने विपक्ष की ओर इशारा कर कहा – यह लोग महात्मा गांधी से नफरत करते हैं। इसलिए इन्होंने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटा दिया। चंद्र कुमार ने मजाक के लहजे में कहा – आपने लव जिहाद कानून बना दिया, हमें तो कभी करने का मौका नहीं मिला। इस पर भी सदन में नोकझोंक होती रही। अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि लव तो कभी हो सकता है। इस उम्र में भी। उन्होंने विपक्ष के विधायकों की ओर मजाक में कहा कि आपको तो एक ही लव का पता है। यह भगवान के प्रति लव की बात कर रहे हैं।





