
पानीपत: हरियाणा के पानीपत शहर स्थित विकास नगर इलाके में अफवाह और एक छोटी सी चूक ने एक परिवार को भारी संकट में डाल दिया. पेट्रोल की किल्लत की अफवाह के डर से फुल करवाई गई बाइक की टंकी से हुए रिसाव के कारण घर में भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में शादी का सारा सामान और नकदी जलकर राख हो गई. धुएं के कारण दम घुटने से घर की बहू और मासूम पोता अचेत हो गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया.
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
मकान मालिक जयपाल के अनुसार, यह पूरी घटना अफवाह और गर्म इंजन पर पेट्रोल गिरने की वजह से हुई. इलाके में गैस और पेट्रोल की किल्लत की अफवाह चल रही थी. इसी डर से उन्होंने अपने बेटे को बाइक की टंकी फुल करवाने के लिए भेजा था. बेटा पेट्रोल भरवाकर लौटा और उसने काफी चल चुकी (गर्म इंजन वाली) बाइक को घर के अंदर साइड स्टैंड पर खड़ा कर दिया.
टंकी फुल होने के कारण पेट्रोल का रिसाव होने लगा और वह सीधे बाइक के बेहद गर्म इंजन और साइलेंसर पर जा गिरा. देखते ही देखते पेट्रोल ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में बाइक आग का गोला बन गई, जिसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.
कमरे में फंसी बहू और पोते की बची जान
आग लगने के वक्त घर के एक कमरे में जयपाल की पुत्रवधू और पोता सो रहे थे. आग और धुएं के कारण पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई. परिवार ने उन्हें काफी आवाजें दीं, लेकिन धुएं से अचेत होने के कारण अंदर से कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की मदद से जोखिम उठाकर कमरे में प्रवेश किया गया और दोनों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया. काफी देर बाद उन्हें होश आने पर परिवार ने राहत की सांस ली.
शादी की खुशियों पर फिरा पानी
इस भीषण अग्निकांड ने परिवार की सारी खुशियां और जीवनभर की पूंजी छीन ली. घर में भतीजे और भतीजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं. शादी के लिए शॉपिंग कर लाया गया सारा कीमती सामान और नए कपड़े पूरी तरह जल गए. घर में रखे 15,000 रुपये कैश भी आग की भेंट चढ़ गए. घर के सभी कीमती बिजली के उपकरण और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. स्थानीय निवासियों और पड़ोसियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक परिवार का भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था.





