
नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मासूम बच्चा, बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया है, जिससे उसकी मौत हो गई. ये घटना गौर सिटी 7 एवेन्यू की है. इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया है और लोग इस घटना पर दुख जता रहे हैं. पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना से बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है.
कहां की है ये घटना
ये पूरी घटनाग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू सोसायटी की है. यहां अपने घर की बालकनी से गिरकर तीन साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह हादसा शुक्रवार दोपहर के समय हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार, गौर सिटी-1 के फ्लैट नंबर ई-1237 में रहने वाले संजय पाल एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. उनकी पत्नी गृहिणी हैं. कल दोपहर उनकी पत्नी बड़े बेटे को पास के ट्यूशन सेंटर छोड़ने गई थीं, और छोटा बच्चा घर में अकेला था.
कुर्सी पर चढ़कर नीचे झांकने के दौरान बिगड़ गया संतुलन
बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गया. बालकनी के पास एक कुर्सी रखी हुई थी. मासूम उस कुर्सी पर चढ़ गया और नीचे झांकने लगा. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया.
नहीं बच सकी जान
बच्चे के गिरने की आवाज सुनकर सोसायटी के लोग और सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. एसीपी बिसरख पवन कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान साग्निक पाल के रूप में हुई है. इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है.
जानकार मानते हैं कि अगर आप हाई राइज में रहते हैं तो बालकनी को किसी भी तरह से कवर करने की कोशिश करें, जिससे आपके बच्चे या कोई और भी हादसे का शिकार होने से बच सके। पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, जहां हाई राइज की बालकनी से गिरकर लोगों की मौत हुई है. अगर बच्चा घर में मौजूद है तो उसकी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाने बहुत जरूरी हैं.





