Viral

नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने परिजनों को गिरा-गिराकर पीटा


मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दबंगों का कहर उस समय देखने को मिला, जब एक शादी समारोह से अपने घर लौट रही नाबालिग युवती के साथ गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद पीड़ित युवती के परिजनों ने विरोध किया तो दो बार उनकी पिटाई की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गांव के ही दबंगों ने की छेड़छाड़
दरसअल, 2 अप्रैल को चरथावल थाना क्षेत्र के सैदपुर कला गांव निवासी एक नाबालिग युवती, गांव में ही एक शादी समारोह से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही दबंग युवक शाहदाब और आमिर ने युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद किसी तरह आरोपियों के चुंगल से छूटकर युवती जब अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई, तो परिजनों ने इसका विरोध किया।

परिजनों पर लाठी-डंडे से बोला हमला
फिर दोनों आरोपियों के परिजनों ने पीड़ित परिवार के घर पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस दौरान, पीड़ित परिवार की जमकर पिटाई की गई। यही नहीं, इसके बाद अगले दिन 3 अप्रैल को जब गांव में फैसले के लिए दोनों पक्ष आमने-सामने बैठे तो फिर से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले।

वायरल हुआ पिटाई का वीडियो
इस दौरान, किसी ने इन दोनों घटनाओं को अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चला रहे हैं। नाली में गिरा-गिराकर एक-दूसरे की पिटाई की जा रही है। इस घटना की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों तरफ से राशिद, रिहान, साजिद, मोमिन, शादाब, शाहदाब, अनीश और अलीम 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

समझौते के दौरान भी हुई कहासुनी
सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 2 अप्रैल को चरथावल थाना क्षेत्र के सैदपुर कला गांव में एक बारात आई थी और इसी बारात के दौरान दो पक्षों में आपस में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद, 3 अप्रैल को दोनों पक्ष समझौते के लिए इकट्ठा हुए थे। इस दौरान भी, दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

उन्होंने आगे बताया कि इस घटना का संज्ञान लेते हुए चरथावल थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। वारदात में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो पुलिस को मिला है। विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply