
Shocking Video: कुछ लोग इतने शरारती होते हैं कि अपनी मौज-मस्ती के लिए नियमों को ठेंगा दिखाते हुए बड़ा रिस्क उठा लेते हैं. बाद में ऐसी मुसीबत गले पड़ती है जिसका उन्हें अंदाजा नहीं होता है. ऐसा ही इस टोयोटा फॉर्च्यूनर ड्राइवर के साथ हुआ. इन शरारती लड़कों ने कार धोने के लिए समुद्र को चुना. वीडियो गोवा के बीच का बताया जा रहा है. ये लोग कार को धोने के लिए बीच पर ले गए. इस दौरान एक लहर आई और फॉर्च्यूनर समुद्र के रेत में फंस गई. इसके बाद देखते ही देखते समुद्र की लहरें गाड़ी को अपने साथ ले जाने लगीं, आखिरकार जेसीबी मशीन की मदद से उसे निकाला गया. दावा किया जा रहा है कि इस लापरवाही के चलते गोवा पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार भी किया है.
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ‘टोयोटा फॉर्च्यूनर’ समुद्र किनारे खड़ी है. गाड़ी के अंदर पानी भरा है. कुछ लोग आसपास नजर आ रहे हैं. वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो गोवा के बीच का है. जिसमें गुजरात के कुछ लड़कों ने बीच पर लगे नियमों की अनदेखी करते हुए ये काम किया. लड़के अपने मजे के लिए अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर को समुद्र किनारे धोने ले गए.
समंदर में चली गई कार!
इसके बाद बताया गया कि समंदर में एक तेज लहर आई और कार बहकर रेत में फंस गई. वीडियो के दूसरे फ्रेम में फॉर्च्यूनर समुद्र किनारे तैरती नजर आ रही है. इसके बाद वहां एक जेसीबी मशीन की मदद ली जाती है. गाड़ी को बांधकर क्रेन से खींचा जाता है और पानी से बाहर निकाल लिया जाता है. वीडियो शेयर करते हुए दावा किया गया कि गोवा पुलिस ने इस घटना पर कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.
Stupidity in Goa over washing Fortuner at beach: Gujarat boys took their Toyota Fortuner onto the seaside to wash it for fun, ignoring beach restrictions. A heavy wave hit, car got swept away and stuck in sand. Later recovered with crane. Driver arrested by Goa Police. pic.twitter.com/Bp3YrmF093
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) March 23, 2026
इस हरकत पर क्या बोली जनता?
वायरल हो रहा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @gharkekalesh नाम के हैंडल से शेयर किया गया है. खबर लिखे जाने तक वीडियो पर 1.1 मिलियन से ज्यादा व्यूज हो चुके हैं. इतना ही नहीं, हजारों की संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी है. एक यूजर्स ने लिया, “भाई को लगा कि उसकी कार ‘टार्जन दा वंडर’ कार है.” दूसरे यूजर ने लिखा, “भाई को लगा उसने सबमरीन खरीद ली है.” वहीं एक अन्य यूजर ने हैरानी के साथ लिखा, “गाड़ी को खारे पानी से कौन धोता है? इससे तो सिर्फ जंग लगती है और बिजली की समस्याएं पैदा होती हैं.” इसके अलावा कुछ यूजर्स ने गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका मानना है कि इसमें गिरफ्तारी वाली कोई बात नहीं थी. हालांकि, वीडियो कहां और कब का है इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है. जी न्यूज पोस्ट में किए गए दावे और वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.





