
आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ रिकॉर्डतोड़ कमाई तो कर ही रही है, इसके हर किरदार की भी खूब तारीफ हो रही है। फिल्म के कुछ किरदार तो ऐसे हैं, जो असल जिंदगी के लोगों से मिलते हैं, जैसे कि जमील जमाली का किरदार पाकिस्तानी नेता नबील गबोल से प्रेरित बताया जाता है। वहीं, संजय दत्त का चौधरी असलम का किरदार पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी चौधरी असलम से मिलता है। अब चौधरी असलम की पत्नी ने संजय दत्त की परफॉर्मेंस और ‘धुरंधर 2’ पर रिएक्ट किया है। साथ ही उन्होंने उस सीन के बारे में भी बताया है, जो उन्हें एकदम असली महसूस हुआ।
रील चौधरी असलम को देख रियल असलम की बीवी का रिएक्शन
नौरीन असलम ने यह भी कहा कि ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में संजय दत्त को देख उन्हें ऐसा लगा जैसे सच में उनके पति असलम हों। नौरीन ने यह बात ‘आजतक रेडियो’ को दिए इंटरव्यू में कही। हालांकि, उन्होंने निराशा भी जाहिर की, और कहा कि फिल्म के मेकर्स उनकी, पुलिस या पत्रकारों से सलाह लेकर चौधरी असलम की पर्सनैलिटी को और अधिक बैलेंस करके पर्दे पर दिखा सकते थे।
चौधरी असलम की पत्नी यह बोलीं
नौरीन असलम बोलीं, ‘संजय दत्त जब गाड़ी के पास होता है और आंखें ऊपर करता है, तब वो एक पल को लगा चौधरी असलम है। असलम ने वो सभी टास्क पूरे किए, जो पुलिस पूरे नहीं कर पाई।’
संजय दत्त जब गाड़ी के पास होता है और आंखें ऊपर करता है, तब वो एक पल को लगा चौधरी असलम है। असलम ने वो सभी टास्क पूरे किए, जो पुलिस पूरे नहीं कर पाई।
पाक कॉप चौधरी असलम की पत्नी
‘संजय दत्त पर गालियां जंची, पर फैमिली के साथ नहीं देख सकते’
नौरीन असलम ने फिर बताया कि उन्होंने ‘धुरंधर 2’ यानी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ नहीं देखी है, थोड़ी सी फिल्म देखी। किसी ने उन्हें क्लिप भेजी थी। वह बोलीं, ‘मैंने थोड़ी फिल्म देखी। जहां पर ब्लास्ट होता है, मैंने वहां तक देखी। संजय दत्त ने गालियां बहुत दी हैं, जो फैमिली के साथ नहीं देख सकते। पर वो गालियां संजय दत्त पर जंची हैं। और पुलिस सर्कल में ऐसी गालियां चलती हैं।’
मैंने थोड़ी फिल्म देखी। जहां पर ब्लास्ट होता है, मैंने वहां तक देखी। संजय दत्त ने गालियां बहुत दी हैं, जो फैमिली के साथ नहीं देख सकते। पर वो गालियां संजय दत्त पर जंची हैं।
चौधरी असलम की पत्नी
चौधरी असलम की मौत कब-कैसे हुई?
नौरीन असलम ने फिर कहा कि चौधरी असलम के किरदार में संजय दत्त की शक्ल-सूरत और सारे अंदाज एकदम जचे हैं। चौधरी असलम, संजय दत्त को बहुत पसंद करते थे, और वह भी करती हैं। चौधरी असलम की साल 2014 में हत्या हो गई थी। उन पर फिदायीन हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी TTP ने ली थी। नौरीन असलम ने बताया कि 125 किलो विस्फोटक से लदी कार उनके पति चौधरी असलम की गाड़ी से टकरा गई थी।
पाक नेता नबील गबोल ने ‘जमील जमाली’ की तारीफ की
वहीं, हाल ही पाक नेता नबील गबोल ने भी राकेश बेदी की तारीफ की, जिन्होंने ‘धुरंधर 2’ में जमील जमाली का रोल प्ले किया है। यह किरदार नबील गबोल से प्रेरित बताया जाता है। नबील ने एक वायरल वीडियो में कहा, ‘राकेश बेदी को मेरा मैसेज दे दीजिएगा। मैं आपको एक सीनियर एक्टर के रूप में बहुत सम्मान देता हूं। और मैं आपसे प्यार करता हूं।’





