
अभिषेक शर्मा का अचानक फॉर्म से बाहर होना टीम इंडिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बड़ी मुसीबत बन गया है। वह लगातार तीसरी बार डक पर आउट हुए हैं और अभी भी वर्ल्ड कप में अपने पहले रन के लिए तरस रहे हैं। वहीं भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप के 19 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई बल्लेबाज डक की हैट्रिक पर आउट हुआ है।
वहीं टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सिर्फ अभिषेक दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो लगातार तीन बार डक पर आउट हुए हैं। इससे पहले वाशिंगटन सुंदर 2019-20 में तीन बार लगातार डक पर पवेलियन लौटे थे। वहीं टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा डक के मामले में भी अभिषेक शर्मा पांचवें स्थान पर आ गए हैं। यह उनका पिछली सात पारियों में पांचवां डक है।
एक साल में सबसे ज्यादा डक (T20I Openers)
- 6 – सईम अयूब (पाकिस्तान, 2025)
- 5 – कैलोएमवोंग चैटफाइसान (थाइलैंड, 2024)
- 5 – कुशल भुर्तेल (नेपाल, 2024)
- 5 – धर्मा केसुमा (इंडोनेशिया, 2025)
- 5 – परवेस हुसैन इमोन (बांग्लादेश, 2025)
- 5 – अभिषेक शर्मा (भारत, 2026)
सुपर 8 से पहले बढ़ी भारत की मुश्किल
पहले यूएसए, फिर पाकिस्तान और अब नीदरलैंड्स तीनों मैचों में अभिषेक शर्मा का विकेट डक पर गंवाने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की टेंशन बढ़ गई हैं। दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज का टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा हाल देख हर कोई हैरान है। अब इससे भारत की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि संजू सैमसन पहले ही आउट ऑफ फॉर्म थे और उन्हें बाहर करके इशान को ओपनिंग मिली थी।
अब अभिषेक का लगातार ऐसा प्रदर्शन और तब जब सुपर 8 के कठिन मुकाबले सिर पर हैं, निश्चित ही टीम इंडिया चिंता में होगी। इस प्रदर्शन के बाद संजू सैमसन को मौका देने की भी मांग उठेगी। क्योंकि अभिषेक का विकेट लगातार टॉप ऑर्डर पर प्रेशर डाल रहा है। आगे साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगर ऐसा हुआ तो भारत की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।




