
Gold and Silver Price Update: डोनाल्ड ट्रंप की स्पीच से पहले उम्मीद की जा रही थी कि वह संघर्ष को लेकर नरमी दिखाएंगे. लेकिन उनके भाषण के बाद राहत की उम्मीद लगाए बैठे निवेशकों को झटका लगा. ट्रंप के भाषण का ही असर हुआ कि शेयर बाजार और सोने-चांदी सब बेजार हो गए. क्रूड ऑयल के दाम में तेजी आने लगी. पिछले दो दिन से सोने और चांदी के दाम में जारी तेजी को गुरुवार सुबह झटका लगा और दोनों कीमती धातुएं एक बार फिर धड़ाम हो गईं. बुलियन मार्केट पर गुरुवार सुबह सोना 3230 रुपये टूटकर 150,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इसी तरह चांदी में 12310 रुपये की गिरावट देखी गई और यह गिरकर 231,550 अंक पर आ गया.
एमसीएक्स पर भी गिरावट
एमसीएक्स (MCX) पर भी शेयर बाजार में गिरावट देखी जा रही है. 5 जून को एक्सपायरी वाले गोल्ड के दाम में करीब 3200 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट देखी जा रही है. इसके साथ ही यह 150523 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है. कारोबारी सत्र के दौरान सोने ने 150145 अंक का लो भी टच किया. एमसीएक्स पर ही चांदी के रेट की बात करें तो सिल्वर 12800 रुपये टूटकर 230653 रुपये पर ट्रेंड कर रही है.
कल क्या रहा सोने-चांदी का दाम
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से हर दिन सोने और चांदी के दाम दोपहर 12 बजे और शाम को 5 बजे जारी किये जाते हैं. IBJA की वेबसाइट पर बुधवार शाम को जारी रेट के अनुसार 24 कैरेट वाला गोल्ड चढ़कर 150853 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसके अलावा 23 कैरेट वाला गोल्ड 150249 रुपये और 22 कैरेट गोल्ड का दाम 138181 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी की बात करें तो बुधवार को इसकी कीमत में भी तेजी देखी गई और यह चढ़कर 239836 रुपये पर पहुंच गई.





