बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हर हफ्ते जलसा के गेट पर अपने फैंस का दीदार करते हैं। बीते रविवार को बिग बी की एक झलक पाने के लिए काफी वक्त से गर्मी में खड़ा एक फैन बेहोश हो गया। अधेड़ उम्र के इस शख्स की हालत बिगड़ती देख बाकी लोग मदद के लिए आगे आए और उसके मुंहपर पानी छिड़कर उसे होश में लाया। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दरअसल गर्मी बहुत पड़ रही है, लेकिन बावजूद इसके अमिताभ बच्चन के इस वीकली रिचुअल में अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस पहुंच जाते हैं। जलसा के बाहर बेहोश हो गए इस फैन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

कमेंट सेक्शन में भड़के इंस्टा फॉलोअर्स
पापाराजी विरल भयानी ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। कमेंट सेक्शन में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा- दर्शन? ये कोई भगवान हैं क्या! लोगों को कुछ भी हो सकता है। दूसरे ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा- इनके दर्शन से अच्छा है कि मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन कर लेते। एक यूजर ने गुस्सा करते हुए लिखा- लो मिल गया दर्शन। और चाहिए तो थोड़ा और रुक जाते, सूर्यदेव के बाद यमराज के भी दर्शन मिल जाते। एक शख्स ने कमेंट किया- इनके लिए आप मरे जा रहे हैं और इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
Khabar Monkey
इसी तरह के ढेरों कमेंट इस वीडियो पर आए है। अमिताभ बच्चन वीकली अपने फैंस से जलसा के बाहर मिलने के बाद उनके साथ तस्वीरें अपने ब्लॉग पर साझा करते हैं। जब 24 मई को उनके फैंस भीषण गर्मी में उनका इंतजार कर रहे थे, तब इस दौरान एक फैन की हालत बिगड़ गई। हालांकि कोई अनहोनी नहीं हुई और राहगीरों और अन्य फैंस की मदद से इस फैन को कुछ ही देर में राहत मिल गई। मालूम हो कि अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने एक ब्लॉग में लिखा था कि उन्होंने अपनी टीम और सिक्योरिटी से कहा है कि वो उनके फैंस के साथ अच्छा बर्ताव करें। अमिताभ बच्चन के ब्लॉग का यह हिस्सा पिछले दिनों काफी चर्चा में रहा था।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा था, ‘इतने सारे फैंस का आशीर्वाद पाना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है… वे मुझे विश्वास दिलाते हैं… वे मुझे एक और दिन जीने की प्रेरणा देते हैं… वे मुझे काम करने और और भी अधिक मेहनत करने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं… वे मेरे ‘ईएफ’ हैं… मेरा बहुत बड़ा परिवार हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने सिक्योरिटी से भी बात की, ताकि उन्हें पता चले कि फैंस के साथ कैसा व्यवहार करना है। जनता के प्रति उनकी प्रतिक्रिया से यह पता चलेगा कि जनता मेरी प्रतिक्रिया को कैसे देखती है!’





