Ajab Gajab! ग्रीस की एक 58 साल की महिला के साथ एक ऐसी घटना घटनी, जिसने डॉक्टरों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया. हुआ यूं कि महिला को एक जोरदार छींक आई, लेकिन इसके साथ ही उसकी नाक से एक इंच लंबे जिंदा कीड़े भी बाहर निकले.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, महिला पिछले साल सितंबर में भेड़ों के एक फार्म के पास काम कर रही थी. वहां उसने अपने चेहरे के पास बहुत सारी मक्खियों को भिनभिनाते हुए देखा, लेकिन उसने इसे मामूली बात समझकर नजरअंदाज कर दिया.करीब एक हफ्ते बाद महिला को साइनस में दर्द और लगातार खांसी होने लगी. हालांकि, बुखार जैसा कोई और लक्षण नहीं था. 15 अक्टूबर को जब उसे छींक आई, तब नाक से एक छोटा-सा कीड़ा बाहर गिरा. यह देखकर महिला घबरा गई, और भागते हुए डॉक्टर के पास पहुंची.
ENT एक्सपर्ट ने जब महिला की नाक की जांच की, तो रिपोर्ट देखकर दंग रह गए. आपको जानकर हैरानी होगी कि सर्जरी के जरिए महिला की नाक से 10 मक्खी के बच्चे और एक प्यूपा बाहर निकाला गया. जांच में पता चला कि ये भेड़ की बॉट मक्खियों (Oestrus ovis) के बच्चे थे. ये परजीवी आमतौर पर भेड़ और बकरियों की नाक में पाए जाते हैं, लेकिन इंसानों में इनका इस हद तक विकसित होना लगभग नामुमकिन है.
वैज्ञानिकों के अनुसार, इंसानी नाक का वातावरण इन परजीवियों के पनपने के लिए सही नहीं होता. लेकिन महिला के मामले में ऐसा होने के दो मुख्य कारण थे. पहला ये कि महिला की नाक की बीच वाली हड्डी काफी टेढ़ी थी. इसी वजह से नाक के भीतर एक ऐसी खाली जगह बन गई थी, जो कीड़ों के छिपने और उन्हें पनपने के लिए सुरक्षित जगह बन गई. राहत की बात ये है कि समय रहते इलाज मिलने के कारण महिला अब पूरी तरह ठीक है. डॉक्टरों का कहना है कि ऐसा संक्रमण होना करोड़ों में एक मामला होता है.





