
फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है। पति ने गर्भवती पत्नी के पेट में तलवार घोंप दी। जब पति की बहन लाैटी तो भाभी शव देख चीख निकल गई। इसके बाद बहन ने घटना के पीछे की जो कहानी बताई, उसे सुन लोग सन्न रह गए।
फिरोजाबाद के टूंडला के थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रामपुर में शुक्रवार को एक सनकी पति ने पांच माह की गर्भवती पत्नी के पेट में तलवार घोंपकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या की वजह चरित्र पर शक और पारिवारिक कलह सामने आई है।
मृतका सीमा (26) के पति गोविंद ने इस हत्याकांड की पटकथा बड़ी ही चालाकी से रची थी। शुक्रवार सुबह गोविंद की बहन लक्ष्मी, भाभी सीमा की बेटियों को लेकर गांव के मंदिर पर मेला दिखाने गई थी। घर में सीमा अपनी छह माह की मासूम बच्ची के साथ अकेली थी। इसी बीच गोविंद ने विवाद शुरू किया और कमरे में रखी तलवार से सीमा के पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गर्भवती सीमा की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान निकल गई।
रोती रही छह माह की मासूम, दरवाजा खुला तो फटी रह गई आंखें
जब लक्ष्मी बच्चों के साथ मेला देखकर लौटी, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से सीमा की छह माह की बेटी के लगातार रोने की आवाज आ रही थी। अनहोनी की आशंका होने पर लक्ष्मी दूसरे दरवाजे से अंदर दाखिल हुई, तो कमरे का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। चारों ओर खून बिखरा था और सीमा का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। सूचना मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ अरुण कुमार चौरसिया और थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
तीन महीने पहले राजस्थान से लाया था तलवार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गोविंद नशे का आदी है और पत्नी पर शक करता था। उसने तीन महीने पहले ही राजस्थान के करौली (कैला देवी) से एक तलवार खरीदी थी। वह तभी से हत्या का मौका तलाश रहा था। गोविंद की बहन लक्ष्मी, जो कि शादीशुदा है, लेकिन उसके पति ने दूसरी शादी कर रखी है, इसलिए वह मायके में ही रहती है।
लक्ष्मी ने बताया कि पिता विजय खेत पर रहते हैं। भाभी, बच्चों व भाई गोविंद के साथ वह मायके में रहती है। सीमा घर में पशुओं का पालन कर किसी प्रकार घर का खर्चा चलाती थी और अपने तीन बच्चों को पाल रही थी। गोविंद से वह काम कर पैसा कमाने की कहती थी। इसी बात पर विवाद होता था। इस विवाद में वह हमेशा अपनी भाभी सीमा के पक्ष में रहती थी। गोविंद को यह बात अखरती थी।
इसी के चलते गोविंद ने पिछले दिनों उसके खिलाफ एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी को बहन लक्ष्मी ने बरगला लिया है और अपने साथ रखती है। इस मामले में थाना पुलिस ने जांच की तो विवाद की सच्चाई सामने आ गई थी। इसके बाद गोविंद ने थाना पुलिस के सामने बहन और पत्नी से समझौता कर लिया था। तीन दिन पहले गोविंद ने मेरे व भाभी के साथ खाना भी खाया था। तभी उसने शुक्रवार को उसकी बेटियों को मेला दिखाने के लिए कहा था। मगर, क्या पता था कि उसके इरादे भाभी की हत्या के हैं।
पहले ससुर की गंदी नजर से बची, अब पति ने ले ली जान
मृतका के पिता तेजपाल निवासी पमारी, पचोखरा ने पुलिस के सामने बिलखते हुए बताया कि सीमा की किस्मत में कभी सुख नहीं था। उसकी पहली शादी 2019 में फिरोजाबाद शहर के युवक के साथ हुई थी। ससुर की बदनियति के कारण उसने 2020 में पति को छोड़ दिया था। इसके बाद उसके प्रेम संबंध गोविंद निवासी रामपुर, नगला सिंघी के साथ हो गए। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। सीमा के पास पहले पति से एक बेटी थी। इसके बाद गोविंद से उसे दो पुत्रियां थीं। वर्तमान में वह पांच माह की गर्भवती थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी गोविंद के खिलाफ हत्या की संगीन धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।





