Saturday, April 11, 2026
Viral

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, मेडिटेशन के लिए मिलेगी 10 दिन की छुट्टी, लेकिन करना होगा ये काम


Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. कर्मचारियों के लिए ‘मेडिटेशन लीव’ (Meditation Leave) की शुरुआत की गई है. राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में विधिवत एक आधिकारिक आदेश जारी किया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों द्वारा अनुभव किए जाने वाले मानसिक तनाव को कम करना और उन्हें आध्यात्मिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे जनता की सेवा और भी अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें.

मेडिटेशन के लिए मिलेगी 10 दिन की छुट्टी
आदेश के अनुसार यह छुट्टी विशेष रूप से विपश्यान मेडिटेशन तकनीक का अभ्यास करने के लिए दी जाएगी. कोई भी कर्मचारी अपनी पूरी सेवा अवधि के दौरान अधिकतम छह बार इस छुट्टी का लाभ उठा सकता है. हर बार 10 दिनों की छुट्टी का प्रावधान किया गया है, जो कर्मचारी को आत्म-निरीक्षण और शांति की खोज में सहायता करेगा.

सहभागिता प्रमाण पत्र देना जरूरी
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए कर्मचारियों को अपने अवकाश आवेदन के साथ किसी अधिकृत विपश्यना केंद्र का रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके अलावा कोर्स पूरा करके लौटने पर उन्हें विभाग में एक ‘सहभागिता प्रमाण पत्र’ जमा करना अनिवार्य होगा. यदि कोई कर्मचारी यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में विफल रहता है, तो उसके अवकाश को सामान्य अवकाश माना जा सकता है. छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल को कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक प्रगतिशील कदम के रूप में देखा जा रहा है.

मानसिक स्वास्थ्य में सुधार
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम का उद्देश्य कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार करना और कार्यस्थल पर उनकी उत्पादकता को बढ़ाना है. आज के तनावपूर्ण कार्य-माहौल में ऐसी पहल न केवल कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगी, बल्कि उनके कार्य-प्रदर्शन पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगी.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply