
कोरबा; छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है. झांकी में मां काली का रूप धारण कर फायर शो का करतब दिखा रही एक महिला कलाकार अचानक आग की लपटों की चपेट में आ गई. हादसे में उसे बचाने की कोशिश कर रहे दो अन्य साथी कलाकार भी झुलस गए. घटना बालकोनगर थाना क्षेत्र के रजगामार की है.
हनुमान सेवा समिति की ओर से गुरुवार रात ओमपुर से रजगामार तक शोभायात्रा निकाली गई थी. उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए दुर्ग-भिलाई से विशेष कला मंडलियों को आमंत्रित किया गया था. बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे जब शोभायात्रा पूरे उत्साह पर थी.
कैसे आग की चपेट में आई महिला?
उसी दौरान मां काली का वेश धारण किए महिला कलाकार फायर शो का साहसिक प्रदर्शन कर रही थी. वह मुंह में पेट्रोल भरकर आग का गोला निकाल रही थी, तभी अचानक आग की लपटें पीछे की ओर पलट गईं और उसके बालों व कपड़ों में आग लग गई.
मच गई अफरा-तफरी
देखते ही देखते महिला कलाकार आग की लपटों से घिर गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. चीख-पुकार के बीच आयोजन समिति और अन्य लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की. इस दौरान दो अन्य कलाकार भी झुलस गए.
आयोजन समिति के सदस्य मनोज साव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए घायलों को एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया है. महिला कलाकार की हालत गंभीर बताई जा रही है. शुक्रवार सुबह इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक पल में उत्सव का माहौल चीख-पुकार में बदल गया.





