
भिलाई. छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक स्टील प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां की पीबीएस-2 यूनिट में मौजूद टरबाइन जोरदार ब्लास्ट हुआ. धमाका होते ही भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग फैलने लगी. यह धमाका इतना तेज था कि परिसर में भगदड़ मच गई और लोगों में दहशत देखी जाने लगी. इस हादसे में 5 से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए. बताया जाता है कि टरबाइन में अचानक से तेज धमाका हुआ. ऐसा होते ही चंद मिनटों में आगे पूरी यूनिट में फैल गई. इस दौरान आग की लपटों और धुएं का गुबार फैल गया. लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे.
भूपेश बघेल ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट किया, भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 के टरबाइन सेक्शन में हुए भीषण हादसे में 5 कर्मचारियों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई. ईश्वर से घायल कर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं. इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति बेहद चिंताजनक है. भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 के टरबाइन सेक्शन में हुए भीषण हादसे में 5 कर्मचारियों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई.
पांच लोग बुरी तरह घायल:
इस हादसे में पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए. इसमें प्लांट के दो परमानेंट कर्मचारी और तीन ठेका मजदूर शामिल हैं. ये सभी बुरी तरह से झुलस गए थे. जितने भी घायल थे उन्हें तुरंत ही नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इनमें से कुछ की हालत काफी गंभीर बताए जा रहे हैं.
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड
जैसे ही हादसे की सूचना मिली तो तुरंत ही 6 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है. दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर आग लगी कैसे.





