
हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 26 वर्षीय युवक पर अपनी पत्नी की इंजेक्शन लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है. यह सारी घटना सेक्टर-88 स्थित महिला के मायके में बुधवार को हुई. पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी से नशे के लिए पैसे मांग रहा था और इनकार करने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
घटना के बाद आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अरुण शर्मा के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के लोनी स्थित बेहटा हाजीपुर का रहने वाला है. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. फिलहाल, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
बहन ने बताई घटना की पूरी कहानी
मृतका की छोटी बहन वंशिका ने बताया कि मंगलवार रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ. आरोपी पैसे मांग रहा था, लेकिन काजल ने देने से इनकार कर दिया. इसके बाद वह उसे कमरे में ले गया. कुछ देर बाद जब वंशिका कमरे में पहुंची तो काजल अचानक गिर गई, उसकी नाक से खून बह रहा था और हाथ पर इंजेक्शन का निशान था. इसके बाद परिजनों ने तुरंत काजल को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
गुरुग्राम सिविल अस्पताल के फॉरेंसिक विभाग के प्रभारी डॉ. दीपक माथुर ने बताया कि मौत इंजेक्शन के जरिए दिए गए ड्रग के कारण हुई है. हालांकि, किस दवा का इस्तेमाल किया गया, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी.
दहेज हत्या का मामला दर्ज
सेक्टर-10 थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 के तहत दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि यदि शादी के सात साल के भीतर महिला की असामान्य परिस्थितियों में मौत होती है और उसे पति या ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया गया हो, तो इसे दहेज हत्या माना जाता है.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.





