Wednesday, March 4, 2026
BusinessViral

गाने सुनाने वाली कंपनी अब घर भी बनाएगी, यूपी के इस जिले में खरीदी 300 करोड़ की जमीन

गाने सुनाने वाली कंपनी अब घर भी बनाएगी, यूपी के इस जिले में खरीदी 300 करोड़ की जमीन

नई दिल्‍ली. रेडियो नेटवर्क बिग एफएम ने रियल एस्टेट कारोबार में कदम रखने की घोषणा की है. कंपनी ने बिग एफएम रियल्टी ब्रांड नाम से इस क्षेत्र में कदम रखते हुए अगले तीन साल में 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये के कुल राजस्व का लक्ष्य रखा है. कंपनी ने बताया कि अपनी पहली प्रमुख परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में लखनऊ–बहराइच रोड पर लगभग 300 करोड़ रुपये में 80 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है. इस परियोजना से करीब 1,200 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है.

कंपनी के अनुसार, यह बड़े स्तर की मिश्रित उपयोग वाली टाउनशिप परियोजना होगी, जिसमें प्रीमियम प्लॉट विकास, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक और खुदरा क्षेत्र शामिल होंगे. परियोजना के पहले चरण के तहत 15 एकड़ में निर्माण कार्य शुरू हो गया है और इसके दो साल में पूरा होने की उम्मीद है. पूरी परियोजना तीन से चार साल में पूरी होने की संभावना है. कंपनी का जोर समय पर सभी प्रोजेक्ट को पूरा करने पर रहेगा.

तीन साल में 4 हजार करोड़ का लक्ष्‍य
कंपनी ने प्रमुख स्थानों पर विस्तार की योजना बनाई है और अगले तीन वर्षों में 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये के कुल राजस्व का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है. परियोजना की जानकारी देते हुए बिग एफएम रियल्टी के प्रवक्ता ने बताया कि बिग एफएम रियल्टी की शुरुआत हमारे विकास और बदलाव की यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय है. बहराइच अपनी रणनीतिक स्थिति और विकास संभावनाओं के कारण हमारे लिए एक बड़ा अवसर है और यह परियोजना हमारे व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है.

कौन है बिग एफएम का मालिक
साल 2025 में बिग एफएम का अधिग्रहण Sapphire Media Group ने कर लिया था. 2 साल पहले तक इस ग्रुप का ऑपरेशनल इनकम करीब 500 करोड़ रुपये था. कंपनी का फिलहाल कोई पब्लिक मार्केट कैप नहीं है, लेकिन कुछ पुराने आंकड़ों को खंगालें तो पता चलता है कि बिग एफएम करीब 1,000 करोड़ रुपये के वैल्‍यूएशन वाली कंपनी है. हालांकि, अब इसने रियल एस्‍टेट सेक्‍टर में भी कदम रखा है तो आने वाले समय में इसका मार्केट कैप और बढ़ने का अनुमान है.

Leave a Reply