
Himachal Accident : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में शनिवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया। सोझा और घ्यागी के बीच एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी, जिसमें सवार तीन पर्यटकों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एसपी कुल्लू मदन वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 17 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वाहन में चालक समेत कुल 22 यात्री सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस ट्रैवलर में सवार अधिकांश यात्री 18 से 22 साल की उम्र के छात्र-छात्राएं हैं। ये सभी छात्र दिल्ली, जयपुर, कोटा और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो किसी कोचिंग संस्थान से संबंधित थे और कुल्लू घूमने आए थे। वाहन को जम्मू का एक चालक चला रहा था। पुलिस प्रशासन अब इन छात्रों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है ताकि उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी दी जा सके। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई थीं।
मूसलाधार बारिश और अंधेरे में चला रेस्क्यू
एसपी मदन वर्मा ने बताया कि मूसलाधार बारिश और रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियां पेश आईं। दुर्गम क्षेत्र और नाले की गहराई की वजह से घायल छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना जोखिम भरा था, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से 17 घायलों को समय रहते निकालकर बंजार अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
बंजार अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया है, जहां घायलों का उपचार चल रहा है। प्रशासन के अनुसार, शेष यात्रियों को निकालने के लिए भी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी मुस्तैदी से चलाया गया। विधायक ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों से मदद की अपील की थी, जिसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।





