
गोवा। नॉर्थ गोवा में युवाओं ने किराए की थार से एक आई20 को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट इतना भीषण था कि भोपाल के 65 वर्षीय पर्यटक भगतराम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ गोवा घूम रहे थे। टक्कर से आई20 कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह कुचल गया।
पुलिस ने जानकारी दी कि भगतराम शर्मा अपने परिवार के साथ गोवा घूम रहे थे। दोपहर को वह असगांव के हेप्पी बार जंक्शन पर पहुंचे ही थे कि सामने आ रही किराए की थार ने उनकी आई20 को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि थार बहुत ही तेज रफ्तार में थी। वह पूरी तरह से अनियंत्रित थी। इसमें तीन महिलाएं और एक युवक बैठा हुआ था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़कर भगतराम शर्मा और उनकी परिवार की मदद की। कार से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत ही हॉस्पीटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने भगतराम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। कार में मौजूद दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। एक पांच महीने का बच्चा भी पूरी तरह सुरक्षित है।
असली चालक को बचाने की कोशिश
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एक्सीडेंट के दौरान एक युवती थार चला रही थी, लेकिन सीट को बदल लिया गया। ऐसा असली चालक की पहचान छुपाने के लिए किया गया। इन आरोपों की पुष्टि के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। एक्सीडेंट के दौरान वहां मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि निष्पक्ष जांच कर दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





