
करनाल: करनाल से एक ठगी का मामला सामने आया है, जहां पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर युवक से 2 लाख 43 हजार रुपए ठग लिए गए. आरोपी ने बड़ी चालाकी से व्हाट्सएप और टेलीग्राम से युवक से संपर्क किया और निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए. पीड़ित का जैसे ही इस बारे में एहसास हुआ उसने तुरंत साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हिमांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 23 फरवरी को उसके व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया था. आरोपी ने उसे टेलीग्राम चैनल का लिंक भेज दिया, जिस पर क्लिक कर उसके चैनल को ज्वाइन कर लिया.
ऐप में दिया निवेश का झांसा
आरोपी ने टेलीग्राम चैनल में वीबुल ऐप में निवेश करने का झांसा दिया. पहले आरोपी ने 26 हजार रुपये जमा करवाए. ये रकम बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से पेटीएम के जरिए ट्रांसफर की गई. इसके बाद आरोपी ने 50 हजार रुपये जमा करवाए.
इतनी बार करवाए पैसे ट्रांसफर
आरोपियों पहले युवक को भरोसे में लिया फिर कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए. 39 हजार रुपए एचडीएफसी बैंक खाता से पेटीएम के जरिए भेजे गए. इसके बाद फिर से 48 हजार रुपए उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से भेजे गए. इतने पर ही आरोपी नहीं रुका इसके बाद भी उसने 50 हजार रुपए यस बैंक खाते से ट्रांसफर करवाए. लास्ट में जाकर 30 हजार रुपए और ट्रांसफर करवाए गए.
हिमांशु को हुआ शक
ज्यादा पैसे जमा कराने की मांग के बाद पीड़ित को ठगी का शक हुआ. आरोपी ने दावा किया कि ऐप में किया गया निवेश होल्ड हो गया है और उसे फिर से चालू करने के लिए डेढ़ लाख रुपये और जमा करने होंगे. साथ ही मुनाफे का लालच भी दिया गया, लेकिन इस बार हिमांशु सतर्क हो गया और उसने आगे कोई पैसे नहीं जमा किए.
इसके बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई और 4 अप्रैल को करनाल के साइबर थाने में लिखित शिकायत भी दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और ठगी गई रकम को वापस दिलाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऑनलाइन निवेश या पार्ट टाइम जॉब के नाम पर आने वाले ऐसे लालच भरे संदेशों से सावधान रहें.





