
पटना। Bihar Board 12th Topper Success Secrets: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा सोमवार को जारी इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम में राजधानी की बेटी ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। अनीसाबाद स्थित हरनी चक की रहने वाली माही कुमारी ने वाणिज्य संकाय में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
लक्ष्य निर्धारित और मेहनत में निरंतरता से सफलता
कमला नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गर्दनीबाग की छात्रा माही ने अपनी उपलब्धि से यह साबित किया कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और मेहनत में निरंतरता हो, तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। रोजाना छह से आठ घंटे पढ़ाई करने वाली माही ने अपनी सफलता की रणनीति साझा करते हुए बताया कि वह केवल परीक्षा के समय जागने से बेहतर अंक नहीं लाया जा सकता।
ऑनलाइन अध्ययन जरूर करें छात्र
उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को सुझाव देते हुए कहा कि अच्छे परिणाम के लिए साल भर थोड़ा-थोड़ा अध्ययन करना जरूरी है। इसके साथ ऑनलाइन अध्ययन जरूर करें।आज के दौर में जहां छात्र पूरी तरह कोचिंग संस्थानों पर निर्भर रहते हैं, वहीं माही ने सरकारी स्कूल के शिक्षकों की भूमिका को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि मेरे विद्यालय कमला नेहरू के शिक्षक पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर हैं। यदि स्कूल के शिक्षक सही मार्गदर्शन दें और छात्र उन पर ध्यान दें, तो परीक्षा की आधी से अधिक तैयारी विद्यालय परिसर में ही पूरी हो जाती है।
पिता चलाते हैं जेनरल स्टोर
साधारण परिवार से आने वाली माही के पिता जनरल स्टोर चलाते हैं और माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने माही की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। माही के अनुसार उसके माता-पिता ही उसके सबसे बड़े मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत हैं, जो उसे हर परिस्थिति में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं।
10वीं कक्षा में भी 87.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय देने वाली माही अब भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवाओं या बैंकिंग क्षेत्र में जाकर देश की सेवा करना है।





