कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर शुरुआती कारोबार के दौरान सोना 500 रुपये से अधिक सस्ता हुआ है, जबकि चांदी की कीमत में 1,300 रुपये से ज्यादा की भारी गिरावट देखने को मिली है। पिछले दो सत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने की कीमत में कुल 3,600 रुपये की गिरावट आ चुकी है, जबकि चांदी के दाम 6,000 रुपये तक कम हो गए हैं।

एमसीएक्स पर 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,52,767 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से गिरकर शुरुआती कारोबार में 1,52,279 रुपये पर खुला और सुबह के सत्र में यह गिरकर 1,52,239 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था। इसी तरह, 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र के 2,37,658 रुपये प्रति किलो के मुकाबले गिरकर 2,37,176 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में दबाव के चलते 2,36,863 रुपये पर ट्रेड करती नजर आई।
फिजिकल मार्केट यानी सर्राफा बाजार में भी कीमतों में नरमी का रुख बना हुआ है। गुड रिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट वाला सोना 650 रुपये की गिरावट के साथ 1,54,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना 600 रुपये की गिरावट के बाद 1,41,300 रुपये पर आ गया है। इसके अलावा, 18 कैरेट सोना भी 490 रुपये सस्ता होकर 1,15,610 रुपये पर ट्रेड कर रहा है, जबकि चांदी फिजिकल बाजार में 2,50,000 रुपये पर फ्लैट बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखा जा रहा है। वैश्विक स्तर पर स्पॉट गोल्ड 0.5 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,405.47 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी इसी गिरावट के साथ 4,452.20 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक कारकों और कच्चे तेल के उतारचढ़ाव के कारण सर्राफा बाजार में यह सुस्ती आगे भी बनी रह सकती है।