Viral

ईद की खुशियां मातम में बदली, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार


पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में ईद की देर रात एक दर्दनाक हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मार्केट गली, मिसका टोली रोड निवासी 24 वर्षीय जेबा खातून की शनिवार देर रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतका के परिजनों ने उसके पति सोनू यादव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

आरोपी ने बदला था अपना नाम
परिवार के मुताबिक, सोनू यादव पहले मुस्लिम समुदाय से जुड़ा था और उसका नाम मोहम्मद सोनू था। दिल्ली में काम करने के दौरान उसने अपना नाम बदलकर आधार कार्ड में ‘सोनू यादव’ दर्ज करा लिया। इसके बाद उसने जेबा खातून से निकाह किया। दंपति के दो बच्चे भी हैं। हालांकि, परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, जो समय के साथ बढ़ते गए।

‘घरेलू विवाद की वजह से हुई हत्या’
मृतका के भाई मोहम्मद साबिर ने बताया कि उन्हें अचानक सूचना मिली कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया कि यह हत्या सोनू यादव ने ही की है। परिजनों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद का परिणाम हो सकता है।

प्रशासन से गहन जांच की मांग
इस घटना के साथ ही परिवार ने एक और गंभीर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि आखिर कैसे एक व्यक्ति ने अपना नाम बदलकर दूसरे धर्म की पहचान के साथ आधार कार्ड बनवा लिया और लंबे समय तक उसी पहचान के साथ रह रहा था। उन्होंने प्रशासन से इस पहलू की भी गहन जांच की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply