टेस्ला की ड्राइवरलेस रोबोटैक्सी साइबरकैब अब जल्द ही दुनिया के सामने आने वाली है. अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने इसकी लॉन्च डेट की पुष्टि कर दी है. कंपनी 3 सितंबर को इसे लॉन्च करेगी. साइबरकैब एक ऐसी ऑटोनॉमस यानी खुद चलने वाली इलेक्ट्रिक कार है, जिसे खास तौर पर रोबोटैक्सी के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए बनाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें स्टीयरिंग व्हील और पैडल नहीं दिए गए हैं. यानी कार में बैठने वाले व्यक्ति के पास खुद गाड़ी चलाने या जरूरत पड़ने पर कंट्रोल संभालने का विकल्प नहीं होगा.

टेस्ला ने इस लॉन्च इवेंट के लिए कुछ चुनिंदा ग्राहकों और साइबरकैब में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को बुलाया है. इनमें कुछ ऐसे ग्राहक भी शामिल हैं, जिन्होंने 17 से 23 अगस्त के बीच टेस्ला की रोबोटैक्सी सेवा का इस्तेमाल किया था. कंपनी टेक्सास के ऑस्टिन में होने वाले इस कार्यक्रम को साइबरकैब की लॉन्च से जुड़ी खास पेशकश के तौर पर देख रही है. इसका मतलब है कि यह कोई बहुत बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा. इसमें चुनिंदा लोगों को साइबरकैब की सवारी और दूसरी तकनीकों का अनुभव कराया जा सकता है.
2024 में पहली बार दिखी थी साइबरकैब
टेस्ला ने साइबरकैब को पहली बार अक्टूबर 2024 में दुनिया के सामने पेश किया था. उस समय लोगों को कैलिफोर्निया में एक बंद ट्रैक पर इसके प्रोटोटाइप में ऑटोनॉमस राइड का अनुभव कराया गया था. इसके बाद टेस्ला ने अपनी रोबोटैक्सी सर्विस का विस्तार किया है. कंपनी की बिना ड्राइवर वाली Model Y कारें फिलहाल ऑस्टिन के अलावा डलास, ह्यूस्टन, मियामी, ऑरलैंडो और टाम्पा जैसे कुछ शहरों में सीमित इलाकों में चल रही हैं. टेस्ला ने साइबरकैब की टेस्टिंग भी तेज कर दी है. जुलाई 2026 से कंपनी के कर्मचारियों ने इस कार में सवारी करना शुरू किया. इसे भविष्य में आम ग्राहकों के लिए साइबरकैब सर्विस शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
सिर्फ दो सीट और कोई स्टीयरिंग नहीं
साइबरकैब का डिजाइन टेस्ला की मौजूदा कारों से काफी अलग है. इसमें सिर्फ दो सीटें हैं और स्टीयरिंग व्हील के साथ एक्सीलेटर और ब्रेक पैडल भी नहीं हैं. इसका मतलब है कि पूरी ड्राइविंग की जिम्मेदारी टेस्ला के ऑटोनॉमस ड्राइविंग सिस्टम पर होगी. कार को रास्ता तय करने, चलने और ट्रैफिक में आगे बढ़ने के लिए टेस्ला की फुल सेल्फड्राइविंग तकनीक पर निर्भर रहना होगा. ऑस्टिन में तैयार होने वाली शुरुआती साइबरकैब कारों में टेस्ला का AI4 कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म इस्तेमाल किया जाएगा. कंपनी AI4.5 और AI5 जैसे ज्यादा एडवांस हार्डवेयर पर भी काम कर रही है, लेकिन इनके बाद में आने की उम्मीद है.
सुरक्षा और नियम बड़ी चुनौती
स्टीयरिंग और पैडल नहीं होने के कारण साइबरकैब के सामने कई कानूनी और सुरक्षा से जुड़े सवाल भी हैं. सामान्य कारों में किसी समस्या के समय ड्राइवर खुद कंट्रोल संभाल सकता है, लेकिन साइबरकैब में ऐसा विकल्प नहीं होगा. टेस्ला की रोबोटैक्सी सर्विस को पहले ही कुछ घटनाओं के कारण सुरक्षा एजेंसियों और नियामकों की निगरानी का सामना करना पड़ा है. इसलिए साइबरकैब की लॉन्च के बाद इसकी सुरक्षा और तकनीक पर खास नजर रखी जाएगी. फिलहाल यह साफ नहीं है कि आम लोग साइबरकैब का इस्तेमाल कब से कर पाएंगे. माना जा रहा है कि टेस्ला शुरुआत में इसे सीमित स्तर पर चलाएगी और इसके बाद धीरेधीरे सेवा का विस्तार किया जाएगा.