संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle Death) का आज, 12 अप्रैल को 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी. उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और संगीत इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है, और कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि (Asha Bhosle Death Bollywood Reaction) दी है.

एक्टर अक्षय कुमार ने आशा भोसले के साथ सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने लिखा है, ‘उनकी सुरीली आवाज हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेगी ओम शांति.’
सिंगर जुबीन नौटियाल ने आशा भोसले के निधन पर श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर लिखा है, ‘वो आवाज, जिसने कभी खामोशी को रूह में बदल दिया था, अब खुद खामोशी बन गई है. आशा भोसले के गुजर जाने से, दुनिया ने सिर्फ एक गायिका को ही नहीं खोया है, बल्कि एक दौर, एक एहसास और एक ऐसी धड़कन को खो दिया है, जो लाखों गीतों के भीतर धड़कती थी.’
टाइगर श्रॉफ ने आशा भोसले के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनके साथ समय बिताना उनके लिए एक सम्मान की बात थी. उन्होंने कहा कि वह हमेशा इस मुलाकात को याद रखेंगे.
एक्ट्रेस भाग्यश्री ने दिग्गज सिंगर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने संगीत जगत का एक अनमोल हीरा खो दिया है. उन्होंने आशा भोसले की सुरीली और मधुर आवाज को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति की कामना की.
फिल्म मेकर करण जौहर ने सिंगर के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि एक लेजेंड को खो देना सिर्फ शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने आशा भोसले की आवाज को भारतीय सिनेमा के एक पूरे दौर को परिभाषित करने वाली बताया और कहा कि उनके जैसी आवाज दोबारा मिलना मुश्किल है.
करण जौहर ने कहा कि वह हमेशा उनकी कला और शख्सियत के बड़े फैन रहेंगे और उनका संगीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा.
आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं! मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा कि इतनी जीवंत, अपने गीतों में इतनी जान और रंग भरने वाली शख्सियत हमें शोक में छोड़कर चली गईं. मेरे लिए यह कठिन है क्योंकि आशा जी से मेरा एक खास कनेक्शन था. उन्होंने अपनी आवाज और शैली से मेरे कई गीतों को इतना लोकप्रिय बनाया. लता जी और आशा जी दोनों से मेरा एक खास रिश्ता था.
एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने भी इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के साथ कई फोटोज शेयर की हैं. उन्होंने पोस्ट में लिखा ‘फॉरएवर.’





