Viral

अभी-अभी: राकेश टिकैत ओड़िसा में गिरफ्तार, BKU कार्यकर्ताओं का थानों में डेरा; CO कार्यालय घेरा


मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को ओड़िसा में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह भुवनेश्वर में आयोजित किसानों के कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली तो मुजफ्फरनगर के कार्यकर्ताओं में आक्रोश भड़क गया। कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी थानों में डेरा डाल दिया है। उधर, बागपत में भी भाकियू कार्यकर्ताओं में गुस्सा है और पूरे जिले में थानों का घेराव शुरू हो गया है।

सोमवार की शाम लगभग पौने पांच बजे कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि चौधरी राकेश टिकैत को उड़ीसा में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद सिसौली में किसान भवन में भाकियू पदाधिकारियों ने मीटिंग कर थानों के घेराव का निर्णय लिया।

भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत ने कार्यकर्ताओं के साथ भौराकलां थाने में दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन आरंभ कर दिया, तो अन्य कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के थानों में पहुंच गए। खतौली, जानसठ, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी, छपार, तितावी, भोपा समेत सभी थानों में भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन शुरू हुआ।

उधर, भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा कि अलर्ट मोड, अगला स्टेप हाइवे, कुछ ही देर में। इस मैसेज से साफ है कि कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के नेशनल हाइवे पर भी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। भाकियू के इस आंदोलन की वजह से पुलिस प्रशासन भी एकाएक सकते में आ गया है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply