
Chandigarh BJP office scooty blast: चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर के बाहर ब्लास्ट हुआ है. सेक्टर 37 स्थित BJP के पंजाब कार्यालय के बाहर एक संदिग्ध धमाके की आवाज सुनाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि धमाका बहुत बड़ा नहीं था मगर आवाज तेज होने के कारण आसपास अफरा-तफरी फैल गई. शुरुआती जानकारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. फिलहाल पुलिस फोर्स ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है. मौके पर आला अधिकारी पहुंच गए और जांच शुरू हो गई है. एसएसपी ने हालात का जायजा लिया.
इलाके को घेरकर सील कर दिया गया
असल में घटना के तुरंत बाद चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई. पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया गया. जांच के लिए Central Forensic Science Laboratory CFSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. मौके से कुछ छर्रे बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है. इनसे ही विस्फोट की प्रकृति को समझने की कोशिश की जा रही है.
एक स्कूटी के पास हुआ है धमाका
जानकारी ये भी आ रही है कि धमाके के बाद एहतियातन इलाके में Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) को तैनात कर दिया गया है. पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं और आसपास खड़ी गाड़ियों की जांच की जा रही है. फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है और हर एंगल से जांच की जा रही है. उस स्कूटी पर भी जांच शुरू है जिसके पास धमाका हुआ है. ये घटना करीब बुधवार शाम पांच बजे के बाद हुआ और शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि यह स्कूटी में विस्फोट था या कोई अन्य संदिग्ध चीज थी. इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.





