
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में बीते दिनों अति वर्षा और आकाशी बिजली गिरने से जान, माल और फसलों को काफी नुकसान हुआ है, जिसे ध्यान में रखते हुए सीएम योगी ने पीड़ितों और हताहतों को मुआवजा देने का ऐलान किया है. सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि एक हफ्ते के अंदर पीड़ितों और हताहतों को मुआवजे का भुगतान किया जाए. एक हफ्ते के अंदर मुआवजे का भुगतान नहीं किये जाने पर लापरवाह अधिकारियो पर कार्रवाई की जाएगी, लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की जान चली गई, 5 पशुओं की मौत हो गई, इसके अलावा बड़ी संख्या किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, बारिश ने हजारों किसानों को खून के आंसू रोने के लिए मजबूर कर दिया है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में फिल्ड पर उतरें औौर राहत कार्यों पर नजर रखते हुए मुआवजे की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराएं. सीएम योगी ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड में जाकर बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सही आंकलन करें और उसकी रिपोर्ट तैयार करें. सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि वे बारिश और ओलावृष्टि से हुई जनहानि, पशुहानी, घायलों. और मृतकों का पूरा ब्योरा तैयार करते हुए पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की प्रक्रिया पूरी करें.
बता दें यूपी में बीते दिनों से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से मेरठ, आगरा, इटावा, लखनऊ, प्रयागराज समेत बहुत से जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई हैं. जिसकी वजह से खेतों में खड़ी गेंहू और अन्य तरह की फसलों को बहुत नुकसान हुआ हैं.





